अशोकनगर-बिरकोना मार्ग बनेगा फोरलेन गौरवपथ, 16.99 करोड़ की परियोजना शुरू

शशि मिश्रा

शहर में अशोकनगर से बिरकोना मार्ग को फोरलेन गौरवपथ के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। करीब 16.99 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह शहर का दूसरा गौरवपथ होगा। सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य के लिए प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है।

मार्ग में मौजूद अवैध कब्जों और मंदिरों को हटाने का काम शनिवार को भी जारी रहा। बिरकोना ट्रीटमेंट प्लांट तक मुख्य सड़क पर बने 16 छोटे और एक बड़े मंदिर में से 8 मंदिरों को प्रशासन ने लोगों की सहमति और सहयोग से हटाया। मंदिरों से मूर्तियों को सुरक्षित रूप से अशोकनगर सामुदायिक भवन में शिफ्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का बड़ा विवाद नहीं हुआ। प्रशासन ने बताया कि सोमवार को शेष कब्जों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

इस मार्ग पर कई घर, गुमटियां और अन्य अवैध निर्माण भी सड़क चौड़ीकरण में बाधा बने हुए हैं। वहीं सड़क किनारे 40 से अधिक बिजली के पोल भी मौजूद हैं, जिन्हें हटाने और शिफ्ट करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

इससे पहले बुधवार को नगर निगम की टीम ने अशोकनगर चौक से बिजली ऑफिस तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। कार्रवाई के दौरान विरोध और हंगामे के बीच 22 पक्की गुमटियों को तोड़ा गया। इनमें कई गुमटियों के नीचे स्थायी सीमेंट निर्माण कर लिया गया था।

दो चरणों में होगा निर्माण कार्य

परियोजना के तहत पहले चरण में 2.1 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क, डिवाइडर और नाली का निर्माण किया जाएगा। अशोकनगर चौक से कुर्मी छात्रावास तक तथा अशोकनगर चौक से ड्रीम इन्क्लेव कॉलोनी तक लगभग 1.7 किलोमीटर सड़क और नाली निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। बनाई जा रही नाली को छात्रावास के आगे बने कल्वर्ट से जोड़ा जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और शहर को आधुनिक गौरवपथ की सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!