
मुंगेली। जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला और उसकी नाबालिग रिश्तेदार से छेड़छाड़ करने तथा विरोध करने पर परिजनों से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार घटना 5 जुलाई 2026 की है। पीड़िता अपने घर के हाल में नाबालिग रिश्तेदार के साथ धान साफ कर रही थी। इसी दौरान भाठापारा निवासी अरविंद राजपूत और लखन राजपूत किराना दुकान से गुटखा और सिगरेट खरीदने पहुंचे। सामान लेने के बाद दोनों आरोपियों ने घर में प्रवेश किया। आरोप है कि लखन राजपूत ने महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसके हाथ, बांह और छाती को गलत नीयत से दबाया, जबकि अरविंद राजपूत ने नाबालिग रिश्तेदार से छेड़छाड़ की।
महिला के शोर मचाने पर उसका पति और पुत्र मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान अरविंद राजपूत ने गाली-गलौज करते हुए दोनों के साथ मारपीट की और इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर लोरमी थाना में अपराध क्रमांक 281/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 75(2), 332(सी), 296, 115(2), 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में लोरमी पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, उप निरीक्षक रामकुमारी यादव तथा लोरमी थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
