
शशि मिश्रा

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के चिल्हाटी निवासी कृष्णा श्रीवास ने चिल्ड्रन वैली स्कूल के संचालक सलूजा और वाहन चालक राज यादव के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, मोबाइल छीनने और वाहन का बकाया किराया नहीं देने की शिकायत पुलिस से की है।
शिकायत के अनुसार कृष्णा श्रीवास की गाड़ी चिल्ड्रन वैली स्कूल में बच्चों के परिवहन के लिए किराये पर लगी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि पिछले कई महीनों से उनकी गाड़ी का करीब 40 हजार रुपये किराया बकाया है। बकाया राशि की मांग करने के लिए तीन-चार दिन पहले वह स्कूल पहुंचे, जहां स्कूल संचालक सलूजा और वाहन चालक राज यादव ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने उनके पास रखे करीब 80 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन भी छीनकर अपने पास रख लिए। मारपीट से उनकी पीठ में चोट आई है। कृष्णा श्रीवास का आरोप है कि जब भी वह अपने मोबाइल वापस लेने स्कूल जाते हैं, उनसे 40 हजार रुपये देने की मांग की जाती है और पैसे नहीं देने पर मोबाइल लौटाने से इनकार कर दिया जाता है। विरोध करने पर उनके साथ अश्लील गाली-गलौज कर वहां से भगा दिया जाता है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल संचालक और चालक लगातार उन्हें धमका रहे हैं, जिससे वह भय और मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके मोबाइल का दुरुपयोग कर उन्हें किसी मामले में फंसाया भी जा सकता है।
कृष्णा श्रीवास ने सरकंडा थाना पुलिस से दोनों मोबाइल बरामद कराने, गाड़ी का 40 हजार रुपये बकाया किराया दिलाने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
