
शशि मिश्रा

बिलासपुर। शहर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। दयालबंद निवासी युवक के मोबाइल को कथित रूप से हैक कर उसके बैंक खातों से करीब 99 हजार रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में की है।
जानकारी के अनुसार दयालबंद निवासी आदित्य गरेवाल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। 29 अप्रैल 2026 की दोपहर उनके खातों से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए रकम निकाल ली गई।
प्रार्थी के मुताबिक दोपहर करीब 12:22 बजे बैंक ऑफ इंडिया खाते से 26 हजार रुपए और पंजाब नेशनल बैंक खाते से 73 हजार रुपए अज्ञात व्यक्ति द्वारा निकाल लिए गए। आदित्य का आरोप है कि मोबाइल हैक कर ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल बैंक खातों की जांच की और फिर सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन और मोबाइल गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या ओटीपी साझा नहीं करने की अपील की है।
