

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी अब भी फरार है।
पुलिस के अनुसार बिहार के गया जिले के ग्राम बुधौर निवासी अनिल दास वर्तमान में विंध्यासर, थाना सकरी क्षेत्र में रहकर काम करता है। उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 मई को वह अपने साथी सुनील दास के साथ सकरी साप्ताहिक बाजार राशन सामग्री खरीदने आया था।
सामान लेकर दोनों वापस विंध्यासर लौट रहे थे। इसी दौरान लाखासार मोड़ के पास आरोपी ईश्वर यादव उर्फ सत्तु और संजीत जांगड़े उर्फ विक्कू ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब प्रार्थी ने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने हाथ-मुक्के और लाठी से मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित की शिकायत पर सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय चौधरी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ईश्वर यादव उर्फ सत्तु (24) निवासी ग्राम काठाकोनी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं मामले का दूसरा आरोपी संजीत जांगड़े उर्फ विक्कू फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
