प्रदेश में सबसे गर्म रहा बिलासपुर, पारा 43 डिग्री पहुंचा; अगले 4 दिन भीषण गर्मी के आसार

बिलासपुर। सोमवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इसके साथ ही पिछले वर्ष का रिकॉर्ड भी टूट गया। वर्ष 2025 में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री तक पहुंचा था। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है।

मई महीने में अब तक आंधी और बारिश के कारण मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ था। केवल दो बार ही तापमान 41 डिग्री के पार पहुंचा था, लेकिन सोमवार को सुबह से ही तेज धूप निकलने लगी। दोपहर तक सूरज की तपिश बढ़ती गई और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में करीब साढ़े तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे दोपहर के समय लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अचानक बढ़ी गर्मी के पीछे मजबूत “सिनोप्टिक सिस्टम” और हवा की दिशा में बदलाव मुख्य कारण हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर प्रदेश से बिहार तक तथा तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से हवाओं का रुख बदल रहा है, जिससे वातावरण में नमी कम हो रही है और शुष्कता बढ़ रही है। अगले 24 घंटे में आसमान पूरी तरह साफ होने की संभावना है। इसके बाद सूर्य की सीधी तेज किरणों और मैदानी इलाकों की भौगोलिक स्थिति के कारण प्रदेश में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार बिलासपुर में मई का महीना हमेशा से अत्यधिक गर्म रहा है। शहर में 23 मई 2017 को सबसे अधिक 49.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। इसके अलावा वर्ष 2024 में 46.8 डिग्री, 2019 में 46.2 डिग्री और 2020 में 45.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया जा चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि मौजूदा परिस्थितियां बनी रहीं तो इस बार भी पुराने रिकॉर्ड टूट सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!