

मुंगेली। जिले के सरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बैतलपुर में बारात से लौटते समय हुए हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रूपेश कुमार प्रधान निवासी ग्राम सरवन देवरी थाना रतनपुर जिला बिलासपुर ने 9 मई 2026 को थाना सरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 8 मई की रात अपने गांव से बलराम यादव की बारात में ग्राम घुठिया गया था। शादी समारोह के बाद कुछ बाराती पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बैतलपुर के पास पिकअप वाहन के केबिन में बैठे सुधीर केवट और रवि वर्मा को नीचे उतरने के लिए उसके बड़े भाई लक्ष्मी प्रसाद प्रधान ने कहा।
इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विवाद के दौरान आरोपी सुधीर केवट ने चाकू से लक्ष्मी प्रसाद प्रधान के पेट में हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए सूरज कश्यप पर भी चाकू से हमला किया गया। घटना में रूपेश कुमार भी घायल हुआ। सभी घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान लक्ष्मी प्रसाद प्रधान की मौत हो गई, जबकि घायल सूरज कश्यप का इलाज जारी है।
मामले में थाना सरगांव में धारा 296, 103(1), 109 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना सरगांव पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

लगातार पतासाजी, मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुधीर केवट (20 वर्ष) निवासी लखराम थाना रतनपुर जिला बिलासपुर को गौरेला चर्च के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले के अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सरगांव उपनिरीक्षक संतोष शर्मा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी, प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
