10 दिन बाद ऋषिकेश से सकुशल मिली महिला और तीन बच्चे, भगवत कथा सुनने गई थी

शशि मिश्रा

तखतपुर। ग्राम पंचायत सावा डबरा से लापता महिला और उसके तीन बच्चे आखिरकार 10 दिन बाद ऋषिकेश के एक आश्रम में सकुशल मिल गए। महिला अपने बच्चों के साथ भगवत कथा सुनने ऋषिकेश गई हुई थी। परिवार के अचानक लापता होने से क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं, वहीं परिजन लगातार चिंता में थे।

जानकारी के अनुसार, महिला 4 मई को अपने तीन बच्चों के साथ बहन के घर जाने की बात कहकर निकली थी। काफी समय तक वापस नहीं लौटने और संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में तखतपुर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।

मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराज कलार समाज के प्रतिनिधियों ने भी थाना प्रभारी से मुलाकात कर जल्द खोजबीन की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की और व्यापक स्तर पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने करीब 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुंगेली, कोरबा और बिलासपुर समेत कई स्थानों पर महिला और बच्चों की तलाश की गई। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में महिला अपने बच्चों के साथ उत्कल एक्सप्रेस में सफर करते हुए दिखाई दी, जिसके बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला।

सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने ऋषिकेश में तलाश शुरू की, जहां महिला और उसके तीनों बच्चे एक आश्रम में सकुशल मिले। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि महिला धार्मिक प्रवृत्ति के चलते बच्चों को साथ लेकर भगवत कथा सुनने आश्रम पहुंची थी।

महिला और बच्चों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस आगे की औपचारिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!