सूने मकान में चोरी करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, नगदी और चांदी की पैरपट्टी बरामद

बिलासपुर। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नगदी और चांदी के जेवरात भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को पार्क लाइफ कॉलोनी, अशोक नगर निवासी ने थाना सरकंडा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह सुबह ड्यूटी पर गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर ने उनके सूने मकान में किचन के रास्ते प्रवेश कर बैग में रखे 5 हजार रुपये नगद और चांदी की पैरपट्टी चोरी कर ली। पड़ोसी द्वारा घर में लगे कैमरे का सायरन बजने की सूचना मिलने पर घटना का पता चला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सरकंडा के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि वह दीवार फांदकर घर के अंदर घुसा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 5 हजार रुपये नगद और चांदी की पैरपट्टी बरामद कर जप्त कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!