मुंगेली पुलिस ने 90 परिवारों को लौटाए गुम मोबाइल, 13.50 लाख रुपये के फोन पाकर खिले चेहरे


मुंगेली, 23 अप्रैल 2026।
जिले में गुम हुए मोबाइल फोन वापस दिलाने के लिए चलाए जा रहे “गुम मोबाइल खोज अभियान” के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस ने 90 नग गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। इन मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 13 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर नागरिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गुम मोबाइल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और थानों की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने भारत सरकार के CEIR पोर्टल का उपयोग करते हुए गुम मोबाइलों को ट्रेस किया। तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद टीम ने मुंगेली जिले के साथ-साथ अन्य जिलों और राज्यों से भी मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता प्राप्त की।


इस पूरी प्रक्रिया में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी और उनकी टीम के साथ जिले के सीसीटीएनएस स्टाफ का विशेष योगदान रहा। टीम ने आईएमईआई ट्रैकिंग और सर्विलांस के माध्यम से मोबाइलों की लोकेशन का पता लगाकर उन्हें रिकवर किया।
गुरुवार को साइबर सेल कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। मोबाइल वापस मिलने पर कई नागरिकों ने मुंगेली पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल का आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर मुंगेली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें। साथ ही CEIR पोर्टल पर गुम मोबाइल की जानकारी दर्ज करें, ताकि उसके दुरुपयोग को रोका जा सके। पुलिस ने सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदते समय पक्का बिल लेने की भी सलाह दी है, जिससे चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!