हिण्डाडीह चोरी कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 5.60 लाख की संपत्ति बरामद


बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिण्डाडीह में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रामेश्वर यादव (19) और रोहित दास मानिकपुरी उर्फ राहुल (27), दोनों निवासी हिण्डाडीह शामिल हैं। आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत कुल करीब 5.60 लाख रुपये की सामग्री बरामद की गई है।


शादी में गए परिवार का उठाया फायदा
प्रार्थिया श्यामकली मरावी ने 22 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह घर में ताला लगाकर गांव में ही एक शादी समारोह में गई थी। रात करीब 7:30 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर तथा नगदी गायब थे। चोरी गए सामान में मंगलसूत्र, हार, लॉकेट, झुमके, पायल, करधन, चूड़ा, गौफला माला, बिछिया समेत करीब 60 तोला जेवर और 10 से 12 हजार रुपये नगद शामिल थे।
संदेही से पूछताछ में खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर रामेश्वर यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभ में उसने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि घर सूना होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया और चोरी का सामान गांव के बाहर जमीन में छिपा दिया था।
पूरी संपत्ति बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छिपाए गए स्थान से चोरी की पूरी सामग्री—सोने-चांदी के जेवर और 14 हजार रुपये नगद—बरामद कर लिए। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 5.60 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!