

मुंगेली, 20 जुलाई। मुंगेली पुलिस ने थाना लालपुर क्षेत्र में हुए दो मंदिर चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.75 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी पहले से ही अन्य प्रकरणों में जेल में निरुद्ध हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने बेसिक पुलिसिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कंतेली स्थित आदि श्री महामाया मंदिर में 28-29 जून 2026 की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया और देवी के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में थाना लालपुर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान संदेही अश्वनी आहिरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथियों मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी के साथ मिलकर कंतेली मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। उसने यह भी बताया कि वर्ष 2025 में ग्राम कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिर में हुई चोरी तथा हाल ही में कबीरधाम जिले के सिल्हाटी महादेव मंदिर में हुई चोरी में भी वह शामिल था।
आरोपी ने बताया कि चोरी के आभूषणों को पप्पू गोस्वामी की मां चंपाबाई गोस्वामी के पास छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने चंपाबाई से पूछताछ कर चोरी की संपत्ति बरामद कर ली।
बरामद सामग्री में चांदी के मुकुट, करधन, रूपया माला, ढार, त्रिकुंड तथा सोने की पत्तियां सहित विभिन्न धार्मिक आभूषण शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.75 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने अश्वनी आहिरे और चंपाबाई गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं इस मामले के अन्य आरोपी मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी पहले से ही अन्य प्रकरण में जेल में बंद हैं।
इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी, थाना लालपुर प्रभारी सुन्दरलाल गोरले सहित थाना एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
