

केरल के ईसाई भाजपा नेता पीसी जार्ज ने केरल में ईसाई समुदाय के लोगों से आग्रह किया है कि वह अपनी बेटियों का ब्याह हर हाल में उनके 24 साल के होने तक कर दें। भाजपा नेता जार्ज का दावा है कि राज्य के अकेले मीनाचिल तालुक में ही अब तक 400 से अधिक लड़कियां ‘लव जिहाद’ का शिकार हो चुकी हैं।
जार्ज ने अपने बयान में विगत रविवार को पाला में आयोजित एक विशेष सम्मेलन में कहा कि कोट्टयम जिले के – मीनाचिल तालुक से गायब होने – वाली लड़कियों में केवल 41 लड़कियों की ही वापसी हो पाई है। यहां तक कि इसी शनिवार (आठ – मार्च) को एक लड़की घर से जा चुकी है। वह रात 9.30 बजे घर से गई थी और उसकी तलाश अब तक जारी है। भाजपा नेता ने कहा कि वह पूछना चाहते हैं कि अपनी बेटी को
25 बरस की उम्र तक अविवाहित रखने के लिए क्या उनके पिता को दंडित नहीं करना चाहिए? अब इस विषय पर चर्चा किए जाने की आवश्यकता है।
जार्ज ने कहा कि एक लड़की का विवाह 22 या 23 की उम्र तक कर दिया जाना चाहिए। अगर उसकी उम्र 28-29 हो जाती है तो वह कमाने लगती है और वह शादी नहीं करती। उसका परिवार भी उसकी आय का हिस्सेदार बन जाता है। यहीं से समस्या शुरू होती है। इसलिए अपने बेटियों को मुसलमानों के ‘लव जिहाद’ के चंगुल से बचाने के लिए उनकी समय रहते शादी कर दें।
उल्लेखनीय है कि ईसाई बहुल मीनाचिल तालुक सीरियन कैथोलिक आबादी के प्रभुत्व वाला है। ऐसे में बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा जोरों पर है।
जिस कार्यक्रम में भाजपा नेता पीसी जार्ज ईसाई समुदाय के लोगों से यह आग्रह कर रहे थे, वह पाला में आयोजित किया गया जिसका आयोजन भी पाला के बिशप जोसेफ काललरंगट ने कराया जो केरल कैथोलिक बिशप काउंसिल (केसीबीसी) के आयोग से संबद्ध हैं जो क्षेत्र में नशीली दवाओं के दुष्चक्र को तोड़ने का प्रयास करना चाहते हैं।
