
बिलासपुर। आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को सुबह 10:30 बजे पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं जिले के नागरिकों की शिकायतें सुनेंगे। इस दौरान जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं विवेचना अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। शिकायतों से संबंधित आवेदक एवं अनावेदक दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा, ताकि मामलों का निष्पक्ष एवं त्वरित निराकरण किया जा सके।
पुलिस विभाग के अनुसार शिविर का उद्देश्य लंबित शिकायतों का मौके पर समाधान करना, पक्षकारों की समस्याओं को सुनना तथा पुलिस कार्यवाही से संबंधित शिकायतों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करना है। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव होगा, उनका मौके पर ही समाधान किया जाएगा, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिनकी शिकायतें लंबित हैं या जिन्हें पुलिस संबंधी किसी मामले में अपनी बात रखनी है, वे निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ चेतना भवन पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं। इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करना तथा शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
