
नई दिल्ली। देश के कुछ हिस्सों में अल-नीनो के प्रभाव के कारण सामान्य से कम वर्षा की आशंका को देखते हुए केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर संभावित स्थिति और उससे निपटने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में वर्तमान मानसून की स्थिति, कम वर्षा वाले क्षेत्रों की परिस्थितियों तथा संभावित सूखे से निपटने के लिए केंद्र और राज्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही जलाशयों में उपलब्ध जल, भूजल स्तर की निगरानी, जल संरक्षण उपायों और सिंचाई प्रबंधन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
समीक्षा के दौरान कम पानी में तैयार होने वाली फसलों को प्रोत्साहित करने, खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वर्षा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर समय रहते आवश्यक राहत एवं कृषि संबंधी उपाय लागू किए जाएं।
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया कि संभावित कम वर्षा की स्थिति में किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करेंगे।
