

बिलासपुर। गंभीर रूप से बीमार एक मरीज को एयर एम्बुलेंस के जरिए हैदराबाद भेजने के लिए गुरुवार को बिलासपुर यातायात पुलिस ने संवेदनशीलता और त्वरित समन्वय का परिचय देते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाया। पुलिस की विशेष व्यवस्था के कारण एम्बुलेंस को बिना किसी यातायात बाधा के चकरभाठा एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया, जहां से मरीज को एयरलिफ्ट कर हैदराबाद के यशोदा अस्पताल भेजा गया।

यह पूरी व्यवस्था पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में की गई। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों के अनुरोध पर तत्काल ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया।
फेफड़ों में गंभीर संक्रमण, एनआईवी सपोर्ट पर था मरीज
जानकारी के अनुसार 54 वर्षीय मरीज दोनों फेफड़ों में निमोनिया (Bilateral Pneumonia), एच1एन1 संक्रमण, श्वसन विफलता (Respiratory Failure) और उच्च रक्तचाप से पीड़ित है। मरीज की हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे नॉन-इनवेसिव वेंटिलेशन (NIV) सपोर्ट पर रखा गया था। बिलासपुर के चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ की विशेष टीम की निगरानी में मरीज को एयर एम्बुलेंस के माध्यम से हैदराबाद स्थित के लिए रवाना किया गया।

सिग्नल बंद कर बनाया निर्बाध मार्ग
ग्रीन कॉरिडोर के लिए यातायात पुलिस ने कंट्रोल रूम के माध्यम से मार्ग में पड़ने वाले सभी ट्रैफिक सिग्नलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई, जिन्होंने तेज बारिश के बीच भी मोर्चा संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया और एम्बुलेंस के लिए पूरा रास्ता खाली कराया।
पुलिसकर्मियों ने एम्बुलेंस के गुजरने तक लगातार ट्रैफिक का संचालन किया, जिससे वाहन बिना किसी रुकावट के निर्धारित समय में चकरभाठा एयरपोर्ट पहुंच सका।
नागरिकों ने भी निभाई जिम्मेदारी
यातायात पुलिस के सायरन और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) की आवाज सुनते ही मार्ग में चल रहे वाहन चालकों ने स्वयं अपने वाहन किनारे कर एम्बुलेंस को रास्ता दिया। पुलिस ने इस सहयोग के लिए शहरवासियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संवेदनशील परिस्थितियों में नागरिकों का सहयोग जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पहले भी बना चुका है ग्रीन कॉरिडोर
यातायात पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी दो जुड़वा नवजात शिशुओं को एयर एम्बुलेंस के माध्यम से हैदराबाद के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भेजने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया था। उपचार के बाद दोनों नवजात और उनकी मां स्वस्थ होकर बिलासपुर लौट आए थे।
इस बार भी मरीज के परिजनों, एयरपोर्ट पर मौजूद नागरिकों और हितैषियों ने बिलासपुर यातायात पुलिस की त्वरित एवं मानवीय पहल की सराहना की। पुलिस ने मरीज के शीघ्र स्वस्थ होकर वापस लौटने की कामना भी की।
