रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रेलर ने कार को मारी टक्कर, एक ही परिवार के चार घायल


बिलासपुर। नेशनल हाईवे-49 पर गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। मस्तूरी थाना क्षेत्र के खुडूभाठा के पास रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मस्तूरी निवासी हार्डवेयर व्यवसायी रविन्द्र कुमार पाण्डेय अपने परिवार के साथ रायगढ़ में आयोजित एक घरेलू कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। गुरुवार रात करीब 11:45 बजे वे अपनी कार (सीजी 10 बीडब्ल्यू 5052) से रायगढ़ से बिल्हा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी खुडूभाठा के पास पहुंची, सामने से गलत दिशा में आ रहे ट्रेलर (सीजी 04 पीबी 8617) ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए कार को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शी प्रकाश पाण्डेय के मुताबिक, ट्रेलर चालक रॉन्ग साइड से आ रहा था और टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार सभी लोगों को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले में रविन्द्र कुमार पाण्डेय की शिकायत पर मस्तूरी पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!