

बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। पेंडलवार और आनंद हॉस्पिटल के बीच मुख्य मार्ग पर कुछ युवकों ने मिलकर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में घायल युवक को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, चांटीडीह निवासी सन्त्री श्रीवास अपने दोस्त सूरज साहू के साथ शाम करीब 7:10 बजे तोरवा मेन रोड पर शोभायात्रा देख रहे थे। इसी दौरान प्रियांशु बोले नामक युवक वहां पहुंचा और सूरज को साइड में हटने के लिए कहा। सूरज के किनारे होते ही प्रियांशु ने विवाद शुरू कर दिया।
देखते ही देखते मामला बढ़ गया और प्रियांशु ने दयालबंद क्षेत्र से अपने साथी साहिल सोनकर, सुरेश और वैभव को बुला लिया। चारों आरोपियों ने मिलकर पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद प्रियांशु ने अपने पास रखे धारदार हथियार से सूरज साहू के पेट, सिर और पीठ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल सूरज को सन्त्री ने तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
