बिल्हा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के 3 आरोपी गिरफ्तार, ₹23 हजार का सामान बरामद


बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिल्हा पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का घरेलू सामान बरामद किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 23 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 534/2025 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 3(5), 317(2) भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चोरी और नकबजनी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान ने टीम गठित कर संदेहियों पर नजर रखी।
दिनांक 3 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी दीपक यादव (41 वर्ष) निवासी अमेरी अकबरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों संजय भारद्वाज (36 वर्ष) और सुरेश टंडन (40 वर्ष), दोनों निवासी दगौरी, के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि चोरी किया गया सामान—06 नग दरवाजा कूलर, काउंटर टेबल, दीवान पलंग और फ्रिज—संजय भारद्वाज और सुरेश टंडन को बेच दिया गया था। पुलिस ने दोनों के घर से उक्त सामान बरामद कर लिया।
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान सहित आरक्षक अरविंद तिग्गा, अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!