
बनवारीलाल केंवट

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुखीराम साहू (70 वर्ष) निवासी खजरी ने 3 अप्रैल 2026 की सुबह थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे उनके पुत्र राजेश साहू (40 वर्ष) ने उन्हें जगाकर बताया कि उसने अपनी पत्नी कुन्ती साहू (38 वर्ष) की हत्या कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बिलाईगढ़ पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को, जो भागने की फिराक में था, ग्रामीणों की मदद से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने गमछे से पत्नी का गला घोंटकर हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गमछा भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी सबूत मिटाने के लिए गमछे को जलाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की तत्परता से वह सफल नहीं हो पाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब पीने का आदी था और घटना की रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान पत्नी द्वारा पति को शराब पीने और काम नहीं करने को लेकर ताना दिया गया, जिससे आक्रोशित होकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता 2023 में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
