बिलासपुर में होटल के बाहर एक युवती पर हमला, लात घूंसों से पिटाई का वीडियो हुआ वायरल

शशि मिश्रा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक युवती के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है, जहां उसके ही पूर्व परिचित युवक ने होटल के बाहर लात-घूंसों से हमला कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कोरबा की रहने वाली युवती बिलासपुर के सरकंडा इलाके में हॉस्टल में रहकर एलएलबी फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही है। 31 मार्च को वह अपने एक परिचित युवक के साथ एक होटल में रुकी थी। इसी दौरान सुबह उसका पूर्व परिचित विवेक खटिक वहां पहुंच गया। जैसे ही युवती कमरे से बाहर निकली, आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी।

बताया जा रहा है कि होटल में रुकने को लेकर विवाद के बाद आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

एएसपी, पंकज पटेल ने बताया कि, युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!