
बिलासपुर। शहर में चलती ऑटो में महिला के बैग से सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जहां अज्ञात महिलाओं ने मौका पाकर करीब 4 तोला सोना पार कर दिया। पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार उसलापुर स्थित वैष्णवी विहार निवासी सुषमा पाण्डेय 30 मार्च को अपनी बड़ी बेटी के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए जेवर लेकर गई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 31 मार्च की सुबह करीब 9 बजे वे लाफार्ज से स्कूल बस के जरिए गुरुनानक चौक पहुंचीं।
यहां से उन्होंने ई-रिक्शा लेकर नेहरू चौक तक सफर किया और फिर एक ऑटो में सवार हो गईं। उस समय ऑटो में पहले से तीन अन्य महिलाएं भी बैठी हुई थीं।
सुषमा पाण्डेय ने बताया कि उसलापुर ओवरब्रिज पार करने के बाद वह ऑटो से उतरकर करीब 11 बजे अपने घर पहुंचीं। घर पहुंचने के बाद जब वे सामान व्यवस्थित करने लगीं और बैग से जेवर निकालने लगीं, तब उन्हें चोरी का पता चला। साड़ी के नीचे रखे डिब्बे से सोने का हार और एक जोड़ी ईयररिंग गायब थे, जिनका कुल वजन करीब 4 तोला बताया जा रहा है।
पीड़िता को संदेह है कि ऑटो में साथ बैठी अज्ञात महिलाओं ने ही मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने अपने स्तर पर ऑटो चालक के माध्यम से जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।
मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध महिलाओं की तलाश की जा रही है।
