मैरिज ब्यूरो की आड़ में ठगी का खुलासा, 4 आरोपी हिरासत में


बिलासपुर। फर्जी बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के जरिए संचालित मैरिज ब्यूरो पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने शहर के सरकण्डा और कोतवाली थाना क्षेत्र में संचालित कॉल सेंटरों पर छापेमारी कर संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी शादी के इच्छुक लोगों को झांसा देकर उनसे पैसे वसूलते थे। ग्राहकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने के लिए युवतियों से फर्जी प्रोफाइल बनवाकर उनसे बातचीत कराई जाती थी। इस तरीके से लोगों को भरोसे में लेकर ठगी की जाती थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 10 कंप्यूटर सेटअप, 70 मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। साथ ही बैंक खातों की जांच में लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन का भी खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों में महारथी साहू (31 वर्ष), फुलेश्वर प्रसाद श्रीवास (40 वर्ष), तरुणा उर्फ सोनु खरे (40 वर्ष) और नीरा बाथम (32 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।
मामले की शुरुआत बिहार निवासी एक शिकायतकर्ता की शिकायत से हुई, जिसे शादी के लिए उपयुक्त वधु उपलब्ध कराने का झांसा देकर 10 हजार रुपये जमा कराए गए, लेकिन इसके बाद कोई सेवा नहीं दी गई। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि म्यूल खातों की जांच के दौरान इस गिरोह की जानकारी मिली थी। इसके बाद सरकण्डा क्षेत्र में संचालित एक मैट्रिमोनियल ऑफिस पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा गया।
आरोपियों के खिलाफ थाना सरकण्डा में बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर के अन्य इलाकों में संचालित ऐसे मैरिज ब्यूरो पर भी नजर रखी जा रही है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!