
बिलासपुर। मेट्रिमोनियल साइट के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। सरकंडा पुलिस ने म्यूल अकाउंट की जांच के दौरान 10 हजार रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा करते हुए एक महिला और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय से म्यूल खातों की जांच के निर्देश मिलने के बाद कार्रवाई शुरू की गई। इसी दौरान पटना निवासी मिश्री लाल की ऑनलाइन शिकायत सामने आई, जिसमें बताया गया कि 4 जुलाई 2024 को 10 हजार रुपये एक संदिग्ध खाते में ट्रांसफर किए गए थे।
जांच में यह खाता चांटीडीह निवासी कल्पना बर्मन के नाम पर पाया गया। पुलिस ने जब कल्पना बर्मन से पूछताछ की, तो मामले का खुलासा हुआ। पता चला कि उसकी बेटी तरूणा उर्फ सोनू खरे देवनंदन नगर क्षेत्र में “मेट्रो मेट्रिमोनियल साइट” के नाम से एक ऑफिस संचालित करती है।
आरोप है कि तरूणा अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर लोगों को शादी के नाम पर झांसा देती थी और उनसे पैसे अपनी मां के बैंक खाते में ट्रांसफर कराती थी। इस तरह म्यूल अकाउंट का उपयोग कर ठगी को अंजाम दिया जा रहा था।
पुलिस ने तरूणा खरे और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी मेट्रिमोनियल साइट या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लेन-देन करते समय सतर्क रहें और बिना सत्यापन के पैसे ट्रांसफर न करें।
