ऑनलाइन पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर 17.84 लाख की ठगी, किराना संचालक पर एफआईआर दर्ज


बिलासपुर। ऑनलाइन पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। भटगांव के एक किराना व्यापारी ने थोक अनाज व्यापारी से 17.84 लाख रुपये का चावल मंगवाकर भुगतान के नाम पर धोखा दिया। मामले में तारबाहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इंजीनियर्स कॉलोनी कुदुदंड निवासी संदीप अग्रहरि का व्यापार विहार में थोक अनाज का कारोबार है। पिछले करीब पांच महीनों से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव निवासी राजेंद्र खांडेकर, जो अक्षांश किराना का संचालक है, फोन पर चावल का ऑर्डर देता था। संदीप अग्रहरि द्वारा ऑर्डर के अनुसार माल भटगांव भेजा जाता रहा।
हर बार आरोपी द्वारा व्हाट्सएप पर ऑनलाइन पेमेंट का स्क्रीनशॉट भेजकर भुगतान करने की जानकारी दी जाती थी, जिससे व्यापारी को भरोसा होता रहा। इस तरह बीते पांच महीनों में करीब 17 लाख 84 हजार रुपये का चावल सप्लाई किया गया।
हाल ही में जब संदीप अग्रहरि ने अपने बैंक खाते की जांच की, तो पता चला कि बताए गए भुगतान की राशि खाते में आई ही नहीं है। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी शिकायत तारबाहर थाने में दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी राजेंद्र खांडेकर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन भुगतान की पुष्टि बैंक खाते में राशि आने के बाद ही करें, केवल स्क्रीनशॉट के आधार पर भरोसा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!