

बिलासपुर। बेलगहना क्षेत्र में वन्यजीव शिकार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ग्राम कुरदर में हिरण के शिकार का मामला सामने आने के महज पांच दिन बाद ही टेंगनमाड़ा परिक्षेत्र के ग्राम अट्टा में जंगली सूअर के शिकार का नया मामला उजागर हुआ है। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अट्टा में एक नर जंगली सूअर का शिकार कर उसका मांस पकाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टेंगनमाड़ा की वन टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वहां से पका हुआ मांस बरामद किया गया।
मौके पर मौजूद संदिग्धों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने शिकार करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद वन विभाग ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रूपलाल (29 वर्ष), नितिन (19 वर्ष), संदीप (20 वर्ष), गोविंद (54 वर्ष) और रामकुमार (51 वर्ष) शामिल हैं।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गुरुवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजते हुए सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
लगातार सामने आ रही शिकार की घटनाओं ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। विभाग ने क्षेत्र में निगरानी और सख्ती बढ़ाने के संकेत दिए हैं, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
