

बिलासपुर। जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज दिनांक 01 अप्रैल 2026 को कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं एसएसपी श्री रजनेश सिंह की उपस्थिति में पाम एन्क्लेव आवासीय सहकारी समिति, सरकंडा और भट्ट इंटरप्राइजेज के बीच 40 किलोवाट सोलर प्रोजेक्ट स्थापित करने हेतु एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते पर भट्ट इंटरप्राइजेज के श्री उचित सूद तथा पाम एन्क्लेव समिति की अध्यक्षा डॉ. चंदना मित्रा एवं उपाध्यक्ष श्रीमती साधना गांगुली ने हस्ताक्षर किए। बताया जा रहा है कि यह बिलासपुर की किसी भी आवासीय सहकारी समिति में स्थापित होने वाला पहला सोलर प्रोजेक्ट है, वहीं संभवतः छत्तीसगढ़ राज्य में भी इस प्रकार का यह पहला मॉडल प्रकल्प है।

परियोजना के प्रथम चरण में सोलर सिस्टम का उपयोग सोसायटी के कॉमन एरिया—जैसे लिफ्ट, बोरिंग पंप और लाइटिंग—की बिजली आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में टाटा कंपनी के 580+ Wp DCR सोलर पैनल लगाए जाएंगे। भट्ट इंटरप्राइजेज, टाटा सोलर का अधिकृत चैनल पार्टनर है।
विशेष बात यह है कि यह पूरी परियोजना 100 प्रतिशत फाइनेंसिंग मॉडल पर आधारित होगी, जिसमें सोसायटी को किसी प्रकार का अग्रिम निवेश नहीं करना पड़ेगा। निर्धारित शर्तों के अनुसार कार्यान्वयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, जिसमें सोसायटी के अधिकृत प्रतिनिधि आवश्यक दस्तावेजीकरण और समन्वय करेंगे।

इस अवसर पर समिति के संचालक मंडल के सदस्य—श्री बिद्युत कुमार साहा, श्री के.एन. गुप्ता, श्रीमती दीप्ति चक्रवर्ती, श्रीमती नलिनी अवस्थी, श्रीमती मनीषा अवस्थी, श्री सुजीत मित्रा, श्री आर.के. गांगुली, श्रीमती मधुमिता साहा एवं श्री प्रवीण अवस्थी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने इस परियोजना में विशेष रुचि लेते हुए पिछले एक सप्ताह से कंपनी और समिति के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा। एमओयू हस्ताक्षर के बाद उन्होंने आश्वासन दिया कि परियोजना पूर्ण होने पर वे स्वयं उपस्थित होकर इसका शुभारंभ करेंगे।
उन्होंने शहर की अन्य सोसायटी और संस्थानों को भी इस प्रकार के सोलर प्रोजेक्ट से जोड़ने के लिए सार्थक प्रयास करने पर जोर दिया।
