

बिलासपुर। चकरभाठा स्थित बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट को अब बड़े स्तर पर विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में अपग्रेड करने के लिए करीब 198 करोड़ रुपए का विस्तृत प्लान तैयार किया गया है। इस योजना की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को हाल ही में उनके दौरे के दौरान कलेक्टर और अधिकारियों ने दी।
29 मार्च को नाइट लैंडिंग सुविधा के शुभारंभ के बाद अब एयरपोर्ट विस्तार कार्यों को गति देने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए रनवे विस्तार, नया एटीसी टॉवर और आधुनिक नेविगेशन सिस्टम जैसे कई बड़े काम प्रस्तावित हैं।
रनवे 1490 मीटर से बढ़कर 2800 मीटर होगा
वर्तमान में एयरपोर्ट का रनवे 1490 मीटर लंबा है, जहां छोटे (72 सीटर) विमान ही संचालित हो सकते हैं। प्रस्ताव के अनुसार इसे बढ़ाकर 2800 मीटर किया जाएगा। इससे बोइंग जैसे बड़े विमान भी यहां उतर सकेंगे और बिलासपुर से दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों के लिए सीधी उड़ानों की राह खुलेगी।

ये होंगे 8 बड़े निर्माण कार्य
4C श्रेणी में अपग्रेड के तहत प्रमुख कार्यों में शामिल हैं—
रनवे एक्सटेंशन (2800 मीटर)
रनवे स्ट्रिप वाइडनिंग
रनवे लाइटिंग विस्तार
अतिरिक्त बाउंड्री वॉल
पेरीफेरी रोड निर्माण
22 मीटर ऊंचा नया एटीसी टॉवर
आईएलएस (इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम)
अन्य तकनीकी और नेविगेशन कार्य
इन सभी कार्यों के लिए करीब 198 करोड़ रुपए का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे जल्द शासन को भेजा जाएगा।
पहले से चल रहे विकास कार्य
एयरपोर्ट पर पहले से कई कार्य जारी हैं, जिनमें टर्मिनल बिल्डिंग का विस्तार (150 यात्रियों की क्षमता), 7.5 किमी बाउंड्री वॉल, पेरीफेरी रोड, एप्रन एक्सटेंशन (6 विमान) और बीटी रिन्यूअल कार्य शामिल हैं।
नया एटीसी टॉवर होगा आधुनिक
वर्तमान एटीसी टॉवर वर्ष 2029 तक ही उपयोग में रहेगा। इसे देखते हुए नया 22 मीटर ऊंचा एटीसी टॉवर बनाने की योजना है, जिस पर करीब 41 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह टॉवर उड़ानों के संचालन को और अधिक सुरक्षित व आधुनिक बनाएगा।
व्यापार और कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
अधिकारियों के अनुसार, रनवे विस्तार और आधुनिक सुविधाओं के बाद न केवल यात्री संख्या बढ़ेगी बल्कि कार्गो और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बिलासपुर एयरपोर्ट क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी का बड़ा केंद्र बन सकता है।
नोडल अधिकारी संदीप अग्रवाल ने बताया कि 4C श्रेणी के अनुरूप पूरा प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और इसे जल्द शासन को भेजा जाएगा।
एयरपोर्ट के इस विस्तार को बिलासपुर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में शहर की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
