

बिलासपुर। हॉफा स्थित सिद्ध बघर्रा पाठ भगवान नृसिंह नाथ मंदिर में भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मंदिर के आचार्य धनेश उपाध्याय ने बताया कि वैदिक पंचांग के अनुसार हर वर्ष चैत्र माह की पूर्णिमा तिथि को हनुमान जयंती मनाई जाती है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूर्णिमा तिथि 1 अप्रैल 2026 को सुबह 7:06 बजे से प्रारंभ होकर 2 अप्रैल 2026 को सुबह 7:41 बजे तक रही। इसी के अनुसार 2 अप्रैल, गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है।

मंदिर में सुबह से ही भगवान श्रीराम और हनुमान जी की मूर्तियों की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। वहीं दोपहर में हनुमान जी के सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भक्ति भाव से पाठ कर रहे हैं।
आचार्य धनेश उपाध्याय ने बताया कि हनुमान जी की भक्ति दास-भाव की सर्वोच्च मिसाल मानी जाती है, जहां भक्त स्वयं को पूरी तरह भगवान के प्रति समर्पित कर देता है। यही कारण है कि हनुमान जी को परम रामभक्त के रूप में पूजा जाता है और उनकी भक्ति हर श्रद्धालु के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम के अंत में शाम 6 बजे भगवान श्रीराम और हनुमान जी की महाआरती की जा रही है, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का वितरण किया जा रहा है। मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में भक्त दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंच रहे हैं।
