अरपा सायक्लोथॉन बिलासपुर 2026 का भव्य आयोजन 5 अप्रैल कोफिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश

बिलासपुर,2 अप्रैल/फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए ईंधन बचत के लिए साइक्लिंग संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “अरपा सायक्लोथॉन बिलासपुर 2026” का आयोजन आगामी 5 अप्रैल को किया जाएगा। सुबह 5.30 मिनट पर शुरू होने वाली 25 किलोमीटर लंबी इस सायक्लोथॉन रेस का शुभारंभ मुंगेली नाका ग्राउंड, बिलासपुर से होगा। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने नागरिकों से आयोजन में भागीदारी की अपील की है।


प्रतियोगिता में पुरुष (गियर एवं बिना गियर सायकल) तथा महिला वर्ग की अलग-अलग रेस आयोजित की जाएंगी। विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। पुरुष वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः ₹10,000, ₹7,000 एवं ₹5,000 की राशि प्रदान की जाएगी, वहीं महिला वर्ग में ₹5,000, ₹3,000 एवं ₹2,000 के पुरस्कार निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त शीर्ष 10 पुरुष एवं शीर्ष 6 महिला प्रतिभागियों को विशेष नकद सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने आयोजन को वर्तमान समय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया, सायकल से न केवल ईंधन की बचत होती है बल्कि यह स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए भी एक महत्वपूर्ण साधन है दोनों अधिकारियों ने आयोजकों को शुभकामनाएं दी और नागरिकों से आयोजन में भागीदारी की अपील की।


आयोजन में सभी प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट एवं फिनिशर सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। साथ ही, बिलासपुर के बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए रात्रि विश्राम एवं भोजन की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इस आयोजन में शहर के अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा सहयोग किया जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए पंजीयन ऑनलाइन QR कोड के माध्यम से किया जा सकता है। पंजीयन शुल्क पुरुष वर्ग के लिए ₹299 तथा महिला वर्ग के लिए ₹149 निर्धारित किया गया है। इस आयोजन के प्रमुख आयोजक संतोष गुप्ता, प्रदीप साहू और छत्तीसगढ़ सोशल मीडिया सोसाइटी हैं। उल्लेखनीय है कि संतोष गुप्ता एक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक हैं, जिन्होंने गोल्डन क्वाड्रिलेटरल को मात्र 24 दिनों में पूरा कर देशभर में विशेष पहचान बनाई है वे सायकल के माध्यम से लोगों को फिटनेस और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दे रहे है। प्रदीप साहू छत्तीसगढ़ गाइड नामक लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का संचालन करते हैं और वे आई आईटी कानपुर के पूर्व छात्र भी हैं। उनके पेज पर छत्तीसगढ़ गाइड के माध्यम से प्रदेश की कला संस्कृति को प्रचारित किया जाता है। प्रदीप साहू ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को फिटनेस, खेल एवं सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना है। आयोजकों द्वारा नागरिकों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!