
शशि मिश्रा

मुंगेली – लोरमी के चेचानडीह गांव में भालू के हमले से दहशत फैल गई है। महुआ बीनने गए ग्रामीणों पर अचानक हुए हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि सुबह के समय गांव के दो पुरुष और एक महिला जंगल में महुआ बीनने गए थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया। महिला किसी तरह भागकर बच गई, लेकिन गेंदलाल गोंड़ और उनका साथी भालू के हमले की चपेट में आ गए। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
घायलों को पहले लोरमी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल मुंगेली रेफर किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, क्योंकि महुआ सीजन में भालुओं की सक्रियता बढ़ गई है।
