अकलतरा से गतौरा सिलेण्डर ले जाने वाला युवक पकड़ा गया

शशि मिश्रा

बिलासपुर। आरपीएफ की टीम ने ट्रेनों में सघन अभियान चलाकर लोकल ट्रेन में अकलतरा से गतौरा तक सिलेंडर लेकर सफर करने वाले एक युवक को पकड़ा है, जिसके पास दस्तावेज नहीं होने के कारण रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ रेलवे में भी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल की टीम सभी ट्रेनों में पेट्रोलिंग करते हुए सिलेंडर लेकर सफर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसमें मुख्य रूप से लंबी दूरी की ट्रेनों में लगे पेंट्रीकार कोच सहित लोकल ट्रेनों में भी जांच की जा रही है। रेलवे के अनुसार लगातार आग लगने की घटना के कारण रेलवे बोर्ड ने भी पेंट्रीकार में सिलेंडर से भोजन व नाश्ता बनाने पर पहले ही प्रतिबंध लगा दिया है, जिसके बाद एचओजी से मिलने वाले करंट यानि हिटर का उपयोग भोजन व नाश्ता बनाने के लिए किया जा रहा है। एसईसीआर के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर अभियान में मंडल के सभी पोस्ट, विशेष टीम व राज्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर चेकिंग की जा रही है। इसके तहत बिलासपुर आरपीएफ पोस्ट की टीम ने 68745 कोरबा से रायपुर के बीच चलने वाली मेमू लोकल में सुबह 8.35 बजे जांच की। इस जांच के दौरान कोटमीसोनार से बिलासपुर के बीच एक यात्री को घरेलू गैस सिलेंडर के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में स्कूलपारा पौना अकलतरा जांजगीर चांपा निवासी हरिकृष्ण कश्यप पिता शिवकुमार कश्यप 28 वर्ष ने बताया कि वह गैस सिलेंडर को बोरी में छिपाकर अकलतरा से गतौरा लेकर जा रहा है। युवक के पास वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर आरपीएफ की टीम ने रेल अधिनियम 153, 164 के तहत कार्रवाई करते हुए सिलेंडर जब्त कर गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!