
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के कंचन विहार में एक ठेकेदार का करीब 2 लाख रुपए का सामान हड़पने के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एक रसूखदार मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, मुंगेली जिले के डोमनपुर निवासी ठेकेदार अजय मंगेशकर की मुलाकात परिचित के माध्यम से राहुल कश्यप से हुई थी। अजय ने राहुल के कंचन विहार स्थित मकान निर्माण का काम 150 रुपए प्रति वर्गफीट के हिसाब से लिया था। लिखित अनुबंध पूरा नहीं होने के कारण काम मौखिक सहमति पर शुरू किया गया।
8 फरवरी 2024 से शुरू हुआ निर्माण कार्य मई तक चला। इस दौरान भुगतान और माप को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर ठेकेदार ने काम छोड़ दिया और अपना 54 हजार रुपए बकाया मांगा।
आरोप है कि जब अजय अपनी मशीनें और करीब 39 प्रकार के औजार लेने पहुंचा, तो राहुल कश्यप ने सामान लौटाने से इनकार कर दिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपी उसके औजारों का उपयोग अपने घर के निर्माण और दूसरों को किराए पर देने में कर रहा है।
मामले में कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
