
बिलासपुर। देवरीखुर्द क्षेत्र में सोमवार शाम एक स्कूटी सवार महिला से दो बाइक सवार युवकों ने सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग की, लेकिन देर रात तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर निवासी तुलिका बाजपेयी अपने एक परिचित के साथ देवरीखुर्द गदा चौक गई थीं। काम खत्म कर वे स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और मस्तूरी की ओर भाग निकले।
महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मस्तूरी, मल्हार और तोखा थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी आरोपी स्पष्ट रूप से नजर नहीं आए हैं। फिलहाल पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
