

बिलासपुर। नेहरू नगर क्षेत्र के अर्चना विहार में रविवार देर रात एक घर में स्टोर रूम में रखा गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि स्टोर रूम की दीवार ढह गई और लोहे का गेट उखड़कर दूर जा गिरा। हादसे में घर में मौजूद दंपती ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार तिवारी अपनी पत्नी के साथ रात में खाना खाकर सो गए थे। तड़के करीब साढ़े तीन बजे जोरदार धमाके की आवाज से उनकी नींद खुली तो घर में आग फैल चुकी थी। स्थिति को भांपते हुए दोनों तुरंत घर से बाहर निकले और पड़ोसियों को आवाज लगाई।

पड़ोसियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर का लगभग 70 प्रतिशत सामान जलकर खाक हो चुका था। आग की चपेट में आलमारी, घरेलू सामान और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए।
18 से 20 लाख रुपए का नुकसान
पुलिस के अनुसार, इस घटना में करीब 18 से 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। हादसे की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दे दी गई है, जो सिलेंडर फटने के कारणों की जांच कर रही है।
टीवी रिचार्ज खत्म होने से बची जान
घटना में एक संयोग ने बड़ा हादसा टाल दिया। संतोष तिवारी आमतौर पर स्टोर रूम से लगे हॉल में सोते थे, लेकिन रविवार रात टीवी का रिचार्ज खत्म होने के कारण वे अपने कमरे में सोने चले गए। यदि वे हॉल में सो रहे होते तो दीवार गिरने से गंभीर हादसा हो सकता था।
शादी का सामान भी जलकर खाक
पीड़ित ने बताया कि हाल ही में परिवार ऋषिकेश में बेटी की शादी से लौटा था। शादी में मिले गिफ्ट और मेहमानों के लिए रखे रिटर्न गिफ्ट भी स्टोर रूम में रखे थे, जो आग में जलकर नष्ट हो गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
