
शशि मिश्रा

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुर ओवरब्रिज पर रविवार देर रात जन्मदिन सेलिब्रेशन करना चार युवक-युवतियों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच कार खड़ी कर केक काट रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था।
सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी के अनुसार, रात करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि ओवरब्रिज पर कुछ लोग पार्टी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां काले रंग की कार के ऊपर केक काटकर जश्न मनाया जा रहा था।
जांच में पता चला कि गोकुल नगर, कोरबा निवासी निहाल शांडिल्य (22) अपना जन्मदिन मना रहा था। उसके साथ अतुल वर्मा (21), प्रियांशु चौरसिया (19) और बिलासपुर के राजकिशोर नगर की एक युवती (19) मौजूद थी। चारों शराब के नशे में धुत होकर बीच सड़क पर हुड़दंग कर रहे थे।
पुलिस ने सभी का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें नशे की पुष्टि हुई। इसके बाद सकरी पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की।
थाना प्रभारी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर यातायात बाधित करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
