

बिलासपुर। नगर निगम की मेयर-इन-कौंसिल (एमआईसी) की सोमवार को हुई बैठक में दो बड़े मुद्दों—एक ही सड़क के लिए डबल टेंडर और कलेक्टोरेट स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के दुरुपयोग—को लेकर जमकर बहस और हंगामा हुआ। सदस्यों ने दोनों मामलों में कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बैठक में एमआईसी सदस्य प्रकाश यादव ने निगम के कार्यपालन अभियंता प्रवीण शुक्ला को सस्पेंड करने तथा संबंधित ठेकेदार सौरभ मिश्रा को ब्लैकलिस्ट करने की मांग उठाई। इस पर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एक ही सड़क के लिए दो टेंडर जारी होने पर सवाल
मामले के अनुसार, 3.29 किलोमीटर लंबी तिरंगा चौक से मंदिर चौक तक की सड़क मूल रूप से लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकार क्षेत्र में आती है। इसके बावजूद नगर निगम ने इस सड़क के 900 मीटर हिस्से के लिए 3.72 करोड़ रुपए का अलग टेंडर जारी कर ठेकेदार को वर्क ऑर्डर भी दे दिया, जबकि वही सड़क PWD के 5.10 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट में शामिल है। इसे लेकर सदस्यों ने गंभीर आपत्ति जताई।
मल्टीलेवल पार्किंग बनी ऑटो डील का अड्डा
कलेक्टोरेट स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के दुरुपयोग का मुद्दा भी बैठक में जोर-शोर से उठा। आरोप है कि ठेकेदार रजन जायसवाल द्वारा पार्किंग का उपयोग ऑटो डीलिंग यार्ड के रूप में किया जा रहा है, जहां 500 से अधिक नई गाड़ियां खड़ी कर बिक्री की जा रही है।
मेयर पूजा विधानी ने इस पर अधिकारियों से जवाब तलब किया। अपर आयुक्त ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया गया है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सदस्यों ने इसे नियमों का खुला उल्लंघन बताते हुए तत्काल गाड़ियां हटाने के निर्देश दिए।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाईं गईं गाड़ियां
हालांकि नोटिस जारी होने के दो दिन बाद भी पार्किंग से गाड़ियां नहीं हटाई गई हैं। 16.88 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस मल्टीलेवल पार्किंग में 333 बाइक की क्षमता है, लेकिन यहां क्षमता से अधिक वाहन खड़े किए गए हैं। सड़क पर भी गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत निर्मित इस पार्किंग का उद्देश्य शॉर्ट टर्म पार्किंग के जरिए ट्रैफिक दबाव कम करना था, लेकिन वर्तमान में इसका संचालन मनमाने तरीके से किया जा रहा है।
अन्य प्रस्ताव भी हुए पारित
बैठक में कुल 15 प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें मंजूरी दी गई। वार्ड 48 मोपका चौक में एक करोड़ रुपए की लागत से बने गार्डन का नाम शहीद दीपक उपाध्याय के नाम पर रखने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। इसके अलावा सड़क, नाली, बिजली और पानी से जुड़े कई अन्य प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।
आयुक्त का बयान
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग में ऑटो डीलिंग के मामले में ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
