संडे मार्केट में बैग चोरी के शक पर बवाल, बीच सड़क पर जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

शशि मिश्रा


बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रिवर व्यू रोड स्थित संडे मार्केट में रविवार रात एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बैग चोरी के शक को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, राजीव गांधी चौक निवासी नरेंद्र तेंदुलकर हर रविवार की तरह रिवर व्यू रोड पर बैग की दुकान लगाता है। रविवार शाम करीब 7 बजे चंद्रकुमार अपनी पत्नी के साथ खरीदारी करने वहां पहुंचा था। इसी दौरान दुकानदार की पत्नी को संदेह हुआ कि चंद्रकुमार के साथ आई महिला ने चोरी-छिपे एक बैग अपने थैले में रख लिया है।
जब इस बात को लेकर महिला से पूछताछ की गई तो उसने बैग रखने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान चंद्रकुमार ने दुकानदार नरेंद्र तेंदुलकर के चेहरे पर मुक्का मार दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चलने लगे। इस दौरान महिलाओं के बीच भी सड़क पर झूमाझटकी और मारपीट हुई। युवतियों ने एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचतान की, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और बाजार में हड़कंप मच गया।
घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इधर, दुकानदार नरेंद्र तेंदुलकर की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी चंद्रकुमार के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!