

बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक लोहे का टांगिया और लकड़ी का फंटा भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 22 मार्च 2026 की है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया, जिसमें बताया गया कि मृतक मोहन पांडेय ने पूर्व में आरोपी राजाराम साहू को लकड़ी चोरी के शक में गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मारा था। इसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने हत्या की साजिश रची।
घटना के दिन आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से मोहन पांडेय के घर पहुंचकर टांगिया, लाठी-डंडे से उस पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर वार होने से मोहन पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को घसीटकर घर के आंगन में ले आए।

घटना का प्रत्यक्षदर्शी मृतक का साथी शरद कौशिक भी हमले का शिकार हुआ। जब उसने भागने की कोशिश की, तो आरोपियों में शामिल चेतराम साहू ने उसके सिर पर लाठी से वार किया, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि वह किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कोटा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 23 मार्च 2026 को सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में राजाराम साहू, देवीप्रसाद साहू, प्रदीप साहू, आशा बाई साहू, वृंदा बाई साहू और चेतराम साहू शामिल हैं।
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना कोटा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
