जमीन विवाद में हत्या का फरार आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार, एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में लालपुर पुलिस की कार्रवाई


मुंगेली, 22 फरवरी 2026।
थाना लालपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम बांधा में जमीन संबंधी विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, 9 जनवरी 2026 की सुबह ग्राम बांधा में जमीन विवाद को लेकर आरोपियों ने एक राय होकर 62 वर्षीय रामकुमार कश्यप पर लाठी-डंडे एवं तब्बल के बेंट से प्राणघातक हमला किया था। मारपीट के बाद आरोपियों ने ट्रैक्टर से मृतक के शव को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के दौरान प्रार्थी के चचेरे भाई लक्ष्मीनारायण कश्यप पर भी जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।
मामले में थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 03/26 धारा 103(1), 109(1), 191(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पूर्व में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया था।


प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल और लालपुर पुलिस की टीम लगातार पतासाजी में जुटी हुई थी।
22 फरवरी 2026 को तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर फरार आरोपी अन्नु कुमार चन्द्राकर को बिलासपुर के एकतानगर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के दिन ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है।
इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना प्रभारी लालपुर उपनिरीक्षक सुन्दरलाल गोरले एवं थाना लालपुर तथा साइबर सेल स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!