

बिलासपुर। नए आपराधिक कानूनों के तहत डिजिटल साक्ष्य संकलन को अधिक प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय द्वारा बिलासपुर जिले के विवेचकों को 208 मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) उपलब्ध कराए गए हैं। इन उपकरणों का वितरण पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नए आपराधिक कानूनों में डिजिटल साक्ष्यों के महत्व को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर थानों और साइबर सेल के विवेचकों को एमडीटी (Mobile Data Terminal) डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। बिलासपुर जिले को कुल 208 एमडीटी डिवाइस प्राप्त हुए हैं।
इन उपकरणों के माध्यम से विवेचक अब घटनास्थल से ही फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्य सीधे सीसीटीएनएस (CCTNS) पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इससे साक्ष्यों के संकलन और सुरक्षित संरक्षण की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और व्यवस्थित होगी।
अधिकारियों के अनुसार, एमडीटी मिलने से विवेचकों को अब अपने निजी मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना पड़ेगा। इससे मोबाइल की मेमोरी भरने, डेटा प्रभावित होने या व्यक्तिगत और आधिकारिक जानकारी के मिश्रण जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी।
पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के तत्काल अपलोड होने से विवेचना की गुणवत्ता में सुधार आएगा, जांच में तेजी होगी और न्यायालय में समयबद्ध तरीके से चालान प्रस्तुत किए जा सकेंगे, जिससे अपराधियों को शीघ्र और प्रभावी कानूनी कार्रवाई के दायरे में लाने में मदद मिलेगी।
