

कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का किया आह्वान,
राजधानी रिपोर्टर/
दिनांक 07/07/2026,
अम्बिकापुर जिला सरगुजा छत्तीसगढ़।।
अंबिकापुर/सरगुजा। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा, जिला सरगुजा की प्रथम जिला कार्यसमिति बैठक एवं जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। संगठन की विचारधारा और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को पूरी सक्रियता, समर्पण और समन्वय के साथ सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही भाजपा कार्यकर्ताओं का मूल उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका है। ओबीसी समाज के उत्थान, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में भाजपा सदैव अग्रणी रही है तथा कार्यकर्ताओं को समाज के बीच रहकर सेवा और विकास के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए। सम्मेलन में संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया, महापौर मंजूषा भगत, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, बस्तर संभाग सह प्रभारी हरपाल सिंह भामरा सहित भाजपा ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान संगठनात्मक एकजुटता, आगामी रणनीति तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
