
शशि मिश्रा

पत्रकार के साथ मारपीट करने वाले आरक्षक को लाइन अटैच किया गया है। मंगलवार शाम को दयालबंद निवासी पत्रकार शिवा गोरख पेट्रोल भराने तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित अंबा पेट्रोल पंप गया हुआ था। इसी दौरान वहां आरोपी सतीश तांती भी पहुंचा था, जिसकी मोटरसाइकिल शिवा गोरख से टकरा गई। इसके बाद सतीश तांती ने विवाद करते हुए शिवा गोरख के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं उसने अपने साथी पुलिस विभाग के आरक्षक और गनमैन अभिषेक बख्श को भी बुला लिया। दोनों ने शिव गोरख के साथ मारपीट की और नुकीले चीज से उसे चोट पहुंचाया जिसमें शिव गोरख घायल हो गया।

इसकी जानकारी जब अन्य पत्रकारों को हुई तो वे शिवा गोरख के साथ तारबाहर थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। चूंकि इनमें से एक आरोपी अभिषेक बख्श पुलिस विभाग से है इसलिए कार्यवाही को लेकर संदेह व्यक्त किया गया ।

बताया जा रहा है कि शिव गोरख के साथ मारपीट करने वाला अभिषेक बख्श बदमाश प्रवृत्ति का है और वह तारबाहर क्षेत्र के पूर्व पार्षद एवं भाजपा नेता सुब्बाराव का दामाद भी है। यही कारण है कि सुब्बाराव और उसका बेटा अमन फ्रांसिस तारबाहर थाने में अभिषेक पक्ष के बचाव में पूरे समय मौजूद रहे। आम तौर पर पत्रकारों से घनिष्ठ संबंध रखने वाले सुब्बाराव को देखकर यही एहसास हुआ की घुटना जब भी मुड़ता है तो पेट की ओर ही जाता है । अपने-अपने ही होते हैं। इस अपराधिक कृत्य के बावजूद वह अपने दामाद के बचाव के लिए थाने में मौजूद रहा। बाद में पत्रकारों के दबाव के चलते पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2) 351 , 3(5) के तहत अपराध पंजीकृत किया, साथ ही इस मामले में आरक्षक अभिषेक बख्श को लाइन अटैच कर दिया गया है।

