“उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले 10 अधिकारियों एवं 63 कर्मचारियों को विशिष्ट रेल सेवा एवं रेल सेवा पुरस्कार से किया गया सम्मानित”

“हर मापदंड पर बेहतर कार्य के लिए बिलासपुर रेल मण्डल को Over all Efficiency सतपुड़ा शील्ड से नवाजा गया”

बिलासपुर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा आज 13फरवरी, 2026 को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार एवं रेल सेवा पुरस्कार समारोह (मुख्यालय) के कार्यक्रम का आयोजन सायं 17.00 बजे से सेक्रसा क्रिकेट ग्राउंड, बिलासपुर में गरिमापूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ । परम्परा एवं पूरी गरिमा के साथ आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, श्री तरुण प्रकाश एवं सेक्रो अध्यक्षा, श्रीमती मीनाक्षी शर्मा उपस्थित थीं । कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक सहित समस्त विभागाध्यक्ष, तीनो रेल मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक तथा बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारीगण एवं यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित थे । साथ ही यूट्यूब लाइव के माध्यम से रेलकर्मियों के परिवारजन व नागरिक भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम से जुड़े रहे । आज आयोजित विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार एवं रेल सेवा पुरस्कार समारोह में सर्वप्रथम परम्परा अनुसार मुख्य अतिथि श्री तरुण प्रकाश के द्वारा दीप प्रज्वलित कर इस समारोह का शुभारंभ किया गया । इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (सा.) श्री समीर कांत माथुर के द्वारा सभी अतिथियों व आगंतुकों का स्वागत किया गया तथा रेलवे के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला । साथ ही भारतीय रेलवे की गौरवशाली यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सांस्कृतिक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई । इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने अपने संबोधन में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार एवं रेल सेवा पुरस्कार समारोह की बधाई दी तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की निरंतर प्रगति एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए आभार व्यक्त किया ।

श्री तरुण प्रकाश ने कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की समर्पित रेल कर्मियों की निष्ठा और लगन से इस वर्ष दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को रेल मंत्रालय स्तर पर तीन महत्वपूर्ण शील्ड प्रदान किए गए हैं, उन्होने इसकी भूरि–भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे परिवार अपनी एकाग्रता एवं लगन से कार्य करते हुए रेलवे की उन्नति की परंपरा को बनाए रखेगी ।
रेल पुरस्कार समारोह में समर्पित रेलकर्मियों को सम्मानित करने का यह एक गरिमामय मंच है, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्यों से संगठन का गौरव बढ़ाया है। आज इस अवसर पर19 मेजर शील्ड, 37 माइनर शील्ड, 60 विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार एवं 13 रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं, जो संगठन की सामूहिक उत्कृष्टता तथा कर्मियों की असाधारण सेवाओं का प्रतीक हैं । मैं आज सम्मानित होने वाले सभी पुरस्कार विजेताओं को हार्दिक बधाई देता हूँ।
प्रत्येक मापदंडों पर बेहतर कार्य निष्पादन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तीनों मंडलों में से बिलासपुर रेल मंडल को सर्वोत्तम प्रदर्शन हेतु प्रतिष्ठित “ओवरऑल एफिशिएंसी’’ सतपुड़ा शील्ड से नवाजा गया।
यह समारोह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कर्मचारियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवा भावना का प्रतीक रहा, जिसने संगठन की गौरवशाली परंपराओं को और सुदृढ़ किया। समारोह के अंत में मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव द्वारा धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आयोजन से जुड़े सभी व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया । -------

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!