

बिलासपुर। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार युवतियों से 78 हजार रुपए ठगने का मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना पुलिस ने आरोपी श्याम, धीरू, चांदनी समेत अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
कोरबा पसान निवासी पीड़िता कमला बाई श्याम के अनुसार उनकी बेटी शशी ने 11 फरवरी को फोन कर बताया कि मोबाइल कंपनी के नाम पर उसका फोन रख लिया गया है। लोकेशन मिलने पर परिजन सिरगिट्टी पहुंचे, जहां पता चला कि शशी के साथ उसकी सहेलियां परमेश्वरी, क्रांति सिंह और नगमा खान भी ठगी का शिकार हुई हैं।
आरोप है कि आरोपियों ने 60 वर्ष की स्थायी सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देकर फर्जी ट्रेनिंग के नाम पर प्रत्येक युवती से 19,500 रुपए नकद व यूपीआई के जरिए वसूले। रकम लेने के बाद चारों को सिरगिट्टी में बंधक बनाकर रखा गया। सूचना पर पुलिस ने युवतियों को बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
