

बिलासपुर। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के 2026-2028 सत्र के लिए हुए चुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद पर एडवोकेट रजनीश सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजीव श्रीवास्तव को 137 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की।
मुख्य चुनाव अधिकारी अनूप मजुमदार के अनुसार एसोसिएशन के कुल 1418 पंजीकृत मतदाताओं में से 1213 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। मतगणना सुबह 10 बजे से शुरू हुई। कुल 17 पदों के लिए 61 प्रत्याशी मैदान में थे। अध्यक्ष पद के लिए सर्वाधिक 7 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा।
सचिव पद पर अनिल त्रिपाठी निर्वाचित हुए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर गौतम खेत्रपाल तथा महिला उपाध्यक्ष पद पर मांडवी भारद्वाज विजयी रहीं।

अन्य पदों पर संयुक्त सचिव के रूप में विजय साहू, संयुक्त सचिव (महिला) आस्था शुक्ला, पुस्तकालय सचिव राहुल मिश्रा, खेल सचिव (पुरुष) अमन पांडेय तथा खेल सचिव (महिला) प्रज्ञा पांडेय निर्वाचित हुए।
कार्यकारिणी के पांच पदों पर एडवोकेट अभिषेक पांडेय, त्रिवेणी शंकर साहू, आशुतोष मिश्रा, शरद मिश्रा और उज्ज्वल चौबे ने जीत हासिल की। परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय तथा अधिवक्ता सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। नई कार्यकारिणी का गठन शीघ्र किया जाएगा।
