

बिलासपुर। सीएमडी कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘ताल 2.0’ का समापन सांस्कृतिक उत्सव और अनुशासित माहौल के बीच हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शहर विधायक अमर अग्रवाल एवं कलेक्टर संजय अग्रवाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर मेयर पूजा विधानी तथा साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के प्रधान मुख्य संरक्षक अनूप कुमार सतपति शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और गणेश वंदना प्रस्तुत कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी शुरुआत की।

मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा और संस्कृति का समन्वय ही संतुलित व्यक्तित्व का निर्माण करता है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने पर बल दिया। मेयर पूजा विधानी ने युवाओं की नगर विकास में सक्रिय भूमिका की आवश्यकता बताई, जबकि प्रशासकीय समिति अध्यक्ष डॉ. संजय दुबे ने शिक्षा में संस्कार, संस्कृति और अनुशासन के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष एसपी चतुर्वेदी, सदस्य अमन दुबे तथा प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। तीसरे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में रक्त चरित्र नृत्य, घूमर, पंजाबी, गुजराती, हरियाणवी और साउथ इंडियन डांस, एनसीसी की सोलो व ग्रुप प्रस्तुति, क्लासिकल डांस, बॉलीवुड रिमिक्स और करमा नृत्य शामिल रहे। एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक डॉ. सुमिला चटर्जी, अमनदीप, डॉ. हर्षा शर्मा, डॉ. विभा सिंह, डॉ. राजेश शुक्ला, डॉ. आदित्य दुबे, डॉ. सुमेला चटर्जी सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह का समापन उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक विविधता के संदेश के साथ हुआ।
