

बिलासपुर। सड़कों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी हाईवे पेट्रोलिंग की शासकीय गाड़ी को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बुधवार रात करीब 9 बजे सकरी-सेंदरी मार्ग पर काके ढाबा के पास हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षक रघुराज शासकीय वाहन क्रमांक CG 03 9578 से हाईवे पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थे। उसी दौरान काके ढाबा के पास सड़क के बीच एक वाहन खड़ा होने से जाम की स्थिति बन गई थी। ट्रैफिक को सुचारू करने के लिए आरक्षक ने पेट्रोलिंग वाहन आगे बढ़ाया। इसी दौरान सकरी की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रेलर चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पेट्रोलिंग गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आरक्षक रघुराज के दाहिने हाथ की कलाई और कंधे में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। आरक्षक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
