

बिलासपुर – 12 फरवरी 2026
रेलवे प्रशासन द्वारा सुरक्षित एवं समयबद्ध रेल परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिलासपुर मंडल के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों एवं रेलवे लाइनों के आसपास मवेशियों की आवाजाही रोकने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे नियमों के अनुसार रेलवे स्टेशन परिसर, रेलवे ट्रैक एवं उसके आसपास मवेशियों को लाना अथवा खुला छोड़ने से मवेशी रेलवे ट्रैक पर आ जाने के कारण रेलगाडी से टकराने के कारण होने वाली दुर्घटना से यात्रियों की सुरक्षा में संकट उत्पन्न होता है जो अपराध की श्रेणी में आता है। इससे ट्रेनों के सुरक्षित संचालन, समयपालन तथा यात्रियों की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंडल द्वारा प्रभावित स्थानों पर पशुपालकों, चरवाहों तथा मवेशियों के मालिकों को समझाईश दी गई है इसके बाद भी उनके द्वारा लापरवाही बरतने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। रेलवे प्रशासन सभी मवेशी मालिकों से अपील करता है कि वे अपने मवेशियों को रेलवे स्टेशन एवं रेलवे लाइनों के आसपास न आने दें। अन्यथा रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
