महारानी लक्ष्मी बाई आत्मानंद स्कूल में वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न, महापौर की अध्यक्षता, सभी मांगें विधायक निधि से पूरी करने का अमर ने दिया आश्वासन


बिलासपुर।
स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक अमर अग्रवाल उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पुष्पहार से स्वागत किया गया। विशिष्ट अतिथियों में जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, शाला विकास समिति की अध्यक्षा प्रियंका मौर्य एवं पार्षद बंधु मौर्य शामिल रहे।


शाला की प्राचार्या प्रज्ञा गोपाल ने स्वागत उद्बोधन के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। व्याख्याता राजेंद्र श्रीवास्तव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की वर्षभर की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी। शाला नायिका माधुरी श्रीवास ने छात्राओं की ओर से मांग पत्र का वाचन किया, जिसे मुख्य अतिथि ने सहर्ष स्वीकार करते हुए विधायक निधि से मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया। अपने उद्बोधन में विधायक ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना की।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में हाई स्कूल की छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद मिडिल स्कूल की छात्रा पीहू एवं समूह ने छत्तीसगढ़ी आदिवासी नृत्य से सभी का मन मोह लिया। हाई स्कूल की छात्रा लक्ष्मी भोई एवं समूह ने छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य प्रस्तुत किया। एनसीसी की छात्राओं की प्रस्तुति भी सराहनीय रही। कार्यक्रम का समापन मिडिल स्कूल की छात्रा वैष्णवी सोनी द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव नृत्य से हुआ, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।


सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ। मिडिल स्कूल से ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ का खिताब मोनिका लहरे को तथा हाई स्कूल से स्वाति देवांगन को प्रदान किया गया। मिडिल स्कूल की शाला नायिका नीलू देवांगन को भी सम्मानित किया गया। प्रत्येक कक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को विशिष्ट अतिथि योगेश बोले, राकेश सचदेव, गोवर्धन दास मानिकपुरी, शैली चौरसिया, विजय रजक एवं शारदा निर्मलकर द्वारा पुरस्कृत किया गया। वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में विजयी छात्राओं को भी प्रमाणपत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
विद्यालय के शिक्षक अवधेश विमल को आईआईएसईआर पुणे में आयोजित विज्ञान आविष्कार कार्यशाला में बिलासपुर संभाग का नेतृत्व करने हेतु विशेष रूप से सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम का संचालन श्रद्धा आनंद एवं ममता दुबे ने किया। इस अवसर पर मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक रमेश देवांगन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, पालक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!